Home » बागी चेतन बरागटा की हो सकती है वापसी:दिल्ली में CM जयराम ठाकुर से मुलाकात के बाद बढ़ी हलचल, उपचुनाव में टिकट न मिलने पर की थी बगावत

बागी चेतन बरागटा की हो सकती है वापसी:दिल्ली में CM जयराम ठाकुर से मुलाकात के बाद बढ़ी हलचल, उपचुनाव में टिकट न मिलने पर की थी बगावत

बागी चेतन बरागटा की हो सकती है वापसी:दिल्ली में CM जयराम ठाकुर से मुलाकात के बाद बढ़ी हलचल, उपचुनाव में टिकट न मिलने पर की थी बगावत

जुब्बल-कोटखाई में विधानसभा उपचुनाव के दौरान बागी हुए भाजपा के चेतन बरागटा की पार्टी में वापसी हो सकती है। उन्होंने शुक्रवार देर शाम दिल्ली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात की। इसके बाद जुब्बल-कोटखाई विधानसभा हलके में हलचल बढ़ गई है।

सूत्रों की मानें तो भाजपा के कुछ कार्यकर्ता शिमला नगर निगम (MC) चुनाव से पहले चेतन की पार्टी में वापसी चाह रहे हैं। ऐसा नहीं हुआ तो चेतन बरागटा MC शिमला के चुनाव में भी सत्तारूढ़ भाजपा की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं, क्योंकि उन्होंने बीते साल ही शिमला MC चुनाव में अपने समर्थक उतारने का ऐलान कर रखा है। अब देखना होगा कि भाजपा को चेतन की ज्यादा जरूरत है या फिर चेतन को पार्टी की अधिक आवश्यकता है।

चेतन को 6 साल के किया था निष्कासित

जुब्बल कोटखाई उपचुनाव में चेतन बरागटा के बागी होने के बाद भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई थी। उस दौरान पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने चेतन बरागटा को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया था। चेतन को निष्कासित किए अभी एक साल भी नहीं हुआ। इससे पहले ही उनकी पार्टी में वापसी के लिए ताना-बाना बुनना शुरू कर दिया गया है। हालांकि चेतन को पार्टी से निष्कासित करने के बाद भाजपा के कुछ शीर्ष नेताओं ने उनकी पार्टी में वापसी को लेकर अशिष्ट भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था।

चेतन का टिकट काटकर सबको किया था हैरान

उपचुनाव में मुख्यमंत्री समेत प्रदेश भाजपा का शीर्ष नेतृत्व स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा के बेटे चेतन को पार्टी प्रत्याशी बनाना चाह रहा था। उपचुनाव के ऐलान से पहले मुख्यमंत्री के जुब्बल कोटखाई में लगभग एक दर्जन कार्यक्रमों में चेतन बरागटा के कहने पर ही सरकार ने कई घोषणाएं की। इसलिए चेतन को पार्टी का प्रत्याशी माना जा रहा था, लेकिन पार्टी आलाकमान ने उस दौरान आखिरी वक्त में चेतन का टिकट काटकर सबको हैरान किया। इसके बाद चेतन ने बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ा और कांग्रेस प्रत्याशी को जोरदार टक्कर दी।

चेतन समेत सभी मंडल पदाधिकारियों ने दिए थे इस्तीफे

चेतन का टिकट काटे जाने से नाराज भाजपा, भाजपा महिला मोर्चा, भाजपा किसान मोर्चा, भाजयुमो के मंडल पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे दिए और पार्टी के खिलाफ उप चुनाव में प्रचार किया। यही वजह रही कि भाजपा की पार्टी प्रत्याशी उप चुनाव में अपनी जमानत भी नहीं बचा पाई। अब मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद चेतन की वापसी तय मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.