राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 19दिसम्बर। हरियाणा में चार गुटो में बंटी दिखाई देने वाली कांग्रेस राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दस्तूरी तौर पर एकजुटता दिखाएगी।
हरियाणा भारत जोड़ो यात्रा 21 दिसंबर को प्रवेश करेगी। दरअसल राहुल गांधी के सामने एकता दिखाना अपने अपने गुटो का नेतृत्व कर रहे नेताओ की मजबूरी है।
हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा और कांग्रेस विधायक किरण चौधरी के गुट है। इन नेताओं की आपसी खींचतान के कारण कांग्रेस पिछले 8 सालों में अपना संगठन तक खड़ा नहीं कर पाई है।
एक दिन बाद ही 21 दिसंबर को हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश के वक्त ही प्रदेश कांग्रेस ने राजस्थान बॉर्डर पर 30 मिनट की जनसभा रखी है। सुबह 6 बजे राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में राहुल गांधी के संबोधन का 10 मिनट का समय रखा गया है। अन्य कांग्रेसी नेताओं को संबोधन के लिए सिर्फ 4 मिनट ही मिलेंगे।
भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण में हरियाणा कांग्रेस राज्य की 6 लोकसभा सीटों पर फोकस करेगी। इनमें फरीदाबाद, गुड़गांव, सोनीपत, करनाल, कुरूक्षेत्र और अंबाला की लोकसभा सीटें शामिल हैं, इनके अंतर्गत राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से 54 सीट कवर करेगी।राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में प्रवेश करते ही 105 दिन पूरे हो जाएंगे। यात्रा सुबह 6 बजे राजस्थान से नूंह जिले में प्रवेश करेगी। सुबह दस बजे फिरोजपुर झिरका अनाज मंडी में यात्रा के लिए नाश्ते का प्रबंध किया गया है। शाम 5 बजे यात्रा भडास नगीना में ब्रेक लेगी फिर अकेड़ा में रात्रि विश्राम होगा। दूसरे दिन 22 दिसंबर को यात्रा मलाब गांव से सुबह 6 बजे शुरू होगी। फिरोजपुर नमक सुबह दस बजे नाश्ता होगा। शाम 4 बजे राहुल मेवात के गांधी ग्राम घासेड़ा पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम वल्लभगढ़ के नजदीक लखवास सोहना गांव में होगा। 23 दिसंबर को हरचंद पुर से यात्रा शुरू होगी। पाखल गांव में सुबह 10 बजे ब्रेकफास्ट और 5 बजे शाम का ब्रेक होगा। फरीदाबाद में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।
हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की जन सभा के लिए भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं। इसके लिए रात दिन काम चल रहा है। पहली जनसभा राजस्थान प्रवेश के दौरान होगी। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सुबह कड़ाके की ठंड को देखते हुए तंबू वाटर प्रूफ बनाया जा रहा है।
Leave a Reply