प्रदेश की सुक्खू सरकार को चेताया आयुषमान भारत योजना के साथ न करे राजनीति
बीरबल शर्मा

मंडी, 28 जनवरी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए देश सर्वोपरी है। जबकि अन्य दलों का मकसद सिर्फ सत्ता हथियाना है। मंडी में द्रंग विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मनसुख मांडविया ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों में मंडी संसदीय सीट को सबसे अधिक मतों से जीतेंगे और एक कमल के रूप में मोदी जी को सौंपेंगे। उन्होंने प्रदेश की सरकार को चेतावनी दी है की केंद्र की आयुष्मान भारत योजना पर राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि ऐसा आभास हो रहा है कि राज्य सरकार आयुष्मान भारत योजना को ठंडे बस्ते में डालने जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों के हितों पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मांडविया ने कहा कल्याणकारी राज्य की परिकल्पना भाजपा करती है जबकि अन्य दिलों के लिए इसके बजाय देश के बजाय सत्ता सर्वोपरी होती है। उन्होंने कहा कि लालबहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक केलिए 15 करोड़ की व्यवस्था इसलिए की गई है कि इसमें मंडी जिला के लोगों का हित है। हालांकि, यह कार्य प्रदेश सरकार का था लेकिन यहां के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए केंद्र की ओर से इस पैसे की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सत्ता नहीं जनता के लिए जिम्मेदारी निभाना प्रमुख है। जितना कर सकते हैं उतना ही हम कहते हैं यह भाजपा की राजनीति रही है। जबकि कांग्रेस परिवार की पार्टी है और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इससे पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में खोले गए संस्थान बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने बिना बजट के कालेज खोले थे जिन्हें हमने चलाया था। उसी प्रकार कर्ज की बात करने वालों को यह मालूम होना चाहिए कि सबसे ज्यादा कर्ज वीरभद्र सिंह की सरकार ने 2012 से 2017 तक के शासनकाल में लिया था और जाने के बाद हमें विरासत में पचास हजार करोड़ रूपए का कर्ज छोड़ गए थे। उन्होंने कहा कि ओपीएस देने के लिए संस्थानों पर ताले मत लगाओ। जयराम ठाकुर ने कहा कि जहां-जहां भी संस्थान बंद किए गए हंै, वहां पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। जिन्हें बाद में राज्यपाल महोदय को सौंपा जाएगा। इसके अलावा इस मामले को कोर्ट में ले जाया जाएगा। इससे पूर्व द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस इसलिए छोड़ी इस पार्टी में सैकिंड लाइन के नेताओं को उभरने नहीं दिया जाता है। इसके अलावा पैसे लेकर टिकटों का आवंटन किया जाता है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस में परिवारवाद का बोलबाला है। इस अवसर पर सदर के विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल और नाचन के विधायक विनोद कुमार, ब्रिगेडियर खशहाल ठाकुर व अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply