राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़,25मार्च। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के विरोध में हरियाणा युवक कांग्रेस ने शनिवार को दिल्ली जयपुर हाइवे जाम किया।
   हरियाणा युवक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने गुरुग्राम के खेड़की-दौला टोल पर दिल्ली-जयपुर हाइवे को जामकर जोर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप टायर फूंका। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं  को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाइवे से हटाने के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोक हुई। यही नहीं पुलिस ने जबरदस्ती करते हुए युवक कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।
दिव्यांशु बुद्धिराजा ने कहा कि केंद्र सरकार ने विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द किया है। उन्होंने केंद्र सरकार को चेताया कि राहुल गांधी सदस्यता रद करने से डरने वाले नहीं हैं, क्योंकि उनका नाम राहुल गांधी है न कि राहुल सावरकर है। कांग्रेस और यूथ कांग्रेस केंद्र सरकार के तानाशाहीपूर्ण फैसलों का सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।
   बुद्धिराजा ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि इस तरह के तानाशाही फैसले लिए गए तो देशभर की सड़कें जाम होंगी और सरकार को इसका हर्जाना भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को मिले समर्थन से केंद्र की भाजपा सरकार डरी हुई है और जिस तरह से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद में अडानी की  संपत्ति पर सरकार से जवाब मांगा, उसकी प्रतिक्रिया में लोकसभा की सदस्यता रद करने का तानाशाहीपूर्ण फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता गांधी परिवार के खिलाफ हर रोज अनर्गल टिप्पणी करते हैं, जिन्होंने देश को आजाद कराने से लेकर देश के विकास में अहम योगदान दिया। भाजपा सरकार वर्ष 2024 के चुनावों में हार के डर से तानाशाहीपूर्ण फैसले ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.