शिमला, 11 अप्रैल । नगर निगम शिमला चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 34 में से सात वार्डों के लिए उम्मीदवार तय किए हैं। छंटनी कमेटी के अध्यक्ष व उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में मंगलवार को पहली सूची में शामिल उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
पहली सूची के अनुसार टूटीकंडी वार्ड से उमा कौशल, लोअर बाजार से उमंग बंगा, बैनमोर शीनम कटारिया,भट्टाकुफर नरेंद्र ठाकुर, छोटा शिमला सुरेंद्र चौहान, न्यू शिमला कुसुम लता, पटयोग से दीपक रोहाल को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा पालमपुर नगर निगम के पराला वार्ड से राधा सूद को उमीदवार बनाया है। हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि कांग्रेस पार्टी सरकार के कार्यों पर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी 34 वार्डों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी जिताऊ उम्मीदवार को अपना उम्मीदवार बना रही है।
बता दें कि शिमला नगर निगम चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच माना जा रहा है। भाजपा बुधवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगीं
नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 13, 17 और 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगी। नामांकन पत्रों की जांच 19 अप्रैल को होगी। उम्मीदवार 21 अप्रैल तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 02 मई को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 04 मई को सुबह 10 बजे निगम मुख्यालय में होगी।
….
रोहडू और शिमला में युवतियों से दुष्कर्म
शिमला, 11 अप्रैल। जिला शिमला में युवतियों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में आरोपित फरार हैं और पुलिस उनकी खोजबीन में जुटी है। दुष्कर्म के मामले शिमला शहर और रोहड़ू में दर्ज हुए हैं। एक मामले में आरोपित ने नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। दूसरे मामले में पीड़िता ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज करवाई है।
रोहड़ू थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेपाली मूल की महिला ने शिकायत दी है कि कविराज नामक शख्स ने उसकी 14 वर्षीय बेटी को बहलाया-फुसलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित के विरूद्व आईपीसी की धारा 376 व पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरा मामला शिमला शहर के महिला थाना का है।
पीड़िता द्वारा दर्ज शिकायत के मुताबिक मंडी जिला के धर्मपुर निवासी रितेश (30) ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन अनुसूचित जाति की होने के कारण वह अब उसके साथ शादी करने से इंकार कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के विरूद्व आईपीसी की धारा 376 (2), 506 व एससी-एसटी अधिनियम में मामला दर्ज किया है।
Leave a Reply