मनोहर लाल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी का है इंतजार

लगातार पंजाबी की जीत से भाजपा ने मनोहर लाल पर लगाया दांव

राजेंद्र सिंह जादौन

चंडीगढ़,30मार्च। हरियाणा की करनाल हॉट सीट पिछले दो लोकसभा चुनावो से भाजपा के कब्जे में है और भाजपा ने तीसरी बार भी इस सीट को हासिल करने के लिए मनोहर लाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिलाकर चुनावी मैदान में उतारा है।अब सीट पर मुकाबले के आकलन के लिए कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा का इंतजार है।लेकिन इस सीट का चुनावी इतिहास दिग्गजों को हरा देने का रहा है।

इस सीट पर पूर्व में तीन बार मुख्यमंत्री रहे भजनलाल को 1999 में आईडी स्वामी ने करारी शिकस्त दी थी। भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री  सुषमा स्वराज को करनाल लोकसभा सीट से तीन बार 1980,1984, और 1989 में हराया था।

वर्ष 1952 में वीरेंद्र कुमार सत्यवादी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से यहां के पहले सांसद बने थे। 1957 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से ही सुभद्रा जोशी सांसद बनी। 1962 में भारतीय जन संघ से स्वामी रामेश्वरानन्द की जीत हुई थी। 1967 और 1971 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से माधोराम शर्मा यहां के सांसद बने। जनता पार्टी से 1977 में भगवत दयाल शर्मा और 1978 में मोहिंद्र सिंह सांसद बने। कांग्रेस पार्टी से ही चिरंजी लाल शर्मा लगातार चार बार 1980, 1984,1989,1991 में इस सीट से सांसद चुने गए। वर्ष 1996 में भारतीय जनता पार्टी के ईश्वर दयाल स्वामी करनाल से जीतकर संसद पहुंचे थे। 1998 में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की टिकट पर यहां से सांसद बने थे। 1999 में फिर से ईश्वर दयाल स्वामी भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर भजनलाल को हराकर चुनाव जीते। 2004 और 2009 में लगातार दो बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से डॉक्टर अरविंद शर्मा इस क्षेत्र के सांसद बने। 2014 में भारतीय जनता पार्टी के अश्विनी चोपड़ा सांसद बने। 2019 में संजय भाटिया यहां के सांसद चुने गए।

करनाल लोकसभा सीट पर कुल मतदाता 18 लाख 21हजार 231 है, जिसमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 9,74,840 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 8,46,382 है। अगर जातिगत समीकरणों की बात करें तो यहां सबसे अधिक आबादी जाट व पंजाबी खत्री मतदाताओं की है। दूसरे नंबर पर यहां ब्राह्मण और रोड जाति लगभग बराबर की संख्या में है। ओबीसी वोट 24 फ़ीसदी तथा शेड्यूल कास्ट वोट लगभग 21 फीसदी है। पंजाबी खत्री पर दाव खेलकर भारतीय जनता पार्टी ने मास्टर स्ट्रोक खेला है। पिछली 2 बार से लगातार पंजाबी उम्मीदवारों ने यहां से जीत दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.