हिमाचल में चलती बोलेरो पर गिरा पेड़
चार शिक्षिकाओं की मौत और तीन घायल

कुल्लू के आनी के शमशर-गुगरा सड़क पर बाली ओल नामक स्थान के पास शनिवार कॊ करीब पांच बजे एक हादसे से किनारे खड़ा एक विशाल चीड़ का पेड़ चलती बोलेरो नंबर एचपी 01के- 4621 पर गिर गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। गाड़ी में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह स्कूल अध्यापिकाएं शामिल थीं। इस दुर्घटना में चार महिला अध्यापिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
शव की पहचान स्नेह लता निवासी पारलीधार कमांद, बंती कौंडल निवासी लामीसेरी, उषा कुमारी निवासी तराला जाओं और सीमा आजाद निवासी रोपड़ी के रूप में हुई है।मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में आज हुए एक दुखद हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
यह हादसा उस समय हुआ जब सात लोगों को लेकर आ रही एक गाड़ी पर अचानक पेड़ गिर गया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।यलों का आनी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
शिक्षा मंत्री ने आनी में दुखद घटना पर जताया शोक
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में हुई दुखद घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद हृदय विदारक है और पूरे समुदाय के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करने की भी कामना की।
रोहित ठाकुर ने स्थानीय प्रशासन को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
