राजस्थान में भाजपा के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या, क्रशर विवाद में लाठी-पत्थरों से हमला
ललित शर्मा/ अश्वनी वर्मा

भरतपुर/जयपुर, शिमला अक्टूबर। राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना की कथित तौर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना रविवार शाम वैर थाना क्षेत्र के भौंड़ा गांव में स्टोन क्रशर प्लांट को दोबारा शुरू करने को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई। गंभीर रूप से घायल भड़ाना को जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हमले में उनके सहयोगी गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।उनकी बेटी किरण भड़ाना, आईएएस अधिकारी एवं उपायुक्त (डीसी), लाहुल-स्पीति, हिमाचल प्रदेश से अपने पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद राजस्थान के लिए रवाना हो चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, भड़ाना और स्थानीय ग्रामीणों के बीच स्टोन क्रशर प्लांट को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। करीब एक साल से बंद पड़े क्रशर को दोबारा शुरू करने की कोशिश के बीच तनाव बढ़ गया। रविवार शाम भड़ाना अपने क्रशर स्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान भड़ाना और उनके सहयोगी पर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला किया गया। घायलों को पहले वैर के अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर भड़ाना को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया। एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान भड़ाना ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्रशर प्लांट के संचालन को लेकर चारागाह भूमि पर अतिक्रमण, कथित अवैध खनन और रास्ते के इस्तेमाल को लेकर लंबे समय से विवाद था। ग्रामीणों का दावा है कि वे क्रशर दोबारा शुरू करने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। दूसरी ओर, भड़ाना के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाद और धमकियों की जानकारी पुलिस एवं प्रशासन को पहले से दी जा रही थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। भरतपुर पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पूर्व विधायक की हत्या के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस नेताओं ने घटना पर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने उपायुक्त किरण भड़ाना के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना के पिता अतर सिंह भड़ाना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःखद घड़ी में वह उनके साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
